जौनपुर।
कर्नाटक के मैसूर स्थित नाडा मंडपम में 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2025 तक आयोजित 50वीं राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया।
योगा फेडरेशन जौनपुर की अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय रेफरी रजनी साहू ने कार्यक्रम से लौटने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की टीम में कुल 27 खिलाड़ी एवं 7 निर्णायक शामिल थे। निर्णायकों में प्रतीक कुमार मौर्य, संजय यादव, रजनी साहू, सीमा सिंह, प्रज्ञा, अंजू मौर्य, यादव पूजा और सुरेंद्र प्रमुख रूप से रहे।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
विकास पटेल ने 20 से 30 वर्ष प्रोफेशनल आयु वर्ग में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया,
संजय यादव ने पंचम स्थान,
अनिल कुमार ने आर्टिस्टिक सोलो वर्ग में और
प्रफुल्ल कुमार ने छठा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया।
योगा फेडरेशन उत्तर प्रदेश के महासचिव आचार्य भीम ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल एवं सचिव डॉ. अभिनव जोशी ने सभी राष्ट्रीय रेफरी का सम्मान किया।
इस अवसर पर श्री गणपति सच्चिदानंद गुरु जी, वियतनाम योग संघ के अध्यक्ष तथा हांगकांग योग फेडरेशन के अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
कार्यक्रम से वापसी पर जौनपुर की राष्ट्रीय रेफरी रजनी साहू का उनके शुभचिंतकों एवं योग प्रेमियों ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत कर बधाई दी।
यह उपलब्धि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि जौनपुर जिले के लिए भी गर्व का विषय है।