जौनपुर। शाहगंज बाईपास स्थित लखनपुर चौराहे के आसपास सड़क किनारे उगे जंगली पेड़-पौधे अब लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इन झाड़ियों और झाड़-झंखाड़ों के कारण सड़क का दृश्य पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास पर दिन-रात भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में झाड़ियों की ओट में अचानक वाहन या राहगीर दिखते हैं, जिससे टक्कर की संभावना बढ़ जाती है। चौराहे से गुजरने वाले लोग रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करने को मजबूर हैं।
प्रदेश सरकार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर सुरक्षित सड़क अभियान चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदार विभागों की लापरवाही से सरकार की मंशा पर पानी फिरता दिख रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल बाईपास किनारे उगे जंगली पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कराए, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित हो सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव किया जा सके।
