रसूलपुर इंटर कॉलेज के पास की गई गिरफ्तारी, मिशन शक्ति अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई
पूर्वांचल लाइफ पंकज जायसवाल
जौनपुर शाहगंज।
महिला सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन भले ही सख्त रुख अपनाए हुए है, लेकिन खुटहन थाना क्षेत्र में कुछ युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। सोमवार को पुलिस ने ऐसी ही करतूत करने वाले दो युवकों को धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर इंटर कॉलेज के पास राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील गाने गाकर और अभद्र टिप्पणियां करने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दबिश दी और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान जितेंद्र प्रसाद प्रजापति पुत्र बहराईची और अभिषेक प्रजापति पुत्र अखिलेश प्रजापति निवासी ग्राम बनहरा, थाना खुटहन के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष खुटहन चंदन कुमार राय के नेतृत्व में उप निरीक्षक राम जनम यादव, हेड कांस्टेबल मैनुद्दीन अंसारी, कांस्टेबल राजकुमार यादव और महिला कांस्टेबल पूनम कुमारी की टीम ने की।
महिला अपराधों के खिलाफ चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने कहा है कि महिला सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।