पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर तक बनेगी मजबूत रणनीति

Share

हर बूथ पर होगी पुख्ता तैयारी, समृद्ध ग्राम से ही बनेगा समृद्ध भारत : जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह

जौनपुर।
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह मिशन मोड में उतर आई है। जिले के सीहीपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें पंचायत चुनाव की रूपरेखा और बूथ स्तर तक की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत पार्टी के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। तत्पश्चात कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर माहौल देशभक्ति से भर दिया।

जनता के बीच मजबूती से जाएं कार्यकर्ता : पुष्पराज सिंह

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नजदीक है, इसलिए हर कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा अन्य दलों की तरह वादे करके पीछे हटने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि जनता से किए वादों को पूरा कर दिखाने में विश्वास करती है।

उन्होंने कहा कि “गांव की सरकार बनाने के लिए सभी जिम्मेदार कमर कस लें। प्रत्येक बूथ पर पुख्ता तैयारी होनी चाहिए। पंचायत चुनाव को हमें मिशन मोड में लड़ना है।”

मतदाता पुनरीक्षण को दी प्राथमिकता:

पुष्पराज सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जो लोग अब तक मतदाता सूची से वंचित हैं, उन्हें वोटर बनवाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने प्रवास व लगातार संपर्क अभियान पर भी जोर दिया और कहा कि समृद्ध ग्राम से ही समृद्ध राष्ट्र की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

कार्यकर्ताओं को मिला स्पष्ट संदेश:

बैठक में जिलाध्यक्ष ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और अन्य जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि परिसीमन और मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर बारीकी से नजर रखी जाए। गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचकर भाजपा के संदेश और सरकार की योजनाओं को पहुंचाना ही पंचायत चुनाव में जीत की कुंजी है।

बैठक का संचालन सुशील मिश्र ने किया। इस अवसर पर लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, संतोष मिश्र, त्रिस्तरीय चुनाव संयोजक राकेश वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष व मंडल महामंत्री मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!