आत्मनिर्भरता सिर्फ अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि जन-जन में स्वाभिमान जगाने का अभियान है: पुष्पराज सिंह
पूर्वांचल लाइफ | जौनपुर।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत गुरुवार को नगर स्थित सिद्धार्थ उपवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला प्रभारी एवं काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, आत्मनिर्भर भारत अभियान के जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया तथा जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता का उद्देश्य “घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी” के नारे को जन-जन तक पहुंचाने और जनता को स्थानीय उत्पादों से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा करना था।
“स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा—विकसित भारत के तीन आधारस्तंभ” : अशोक चौरसिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा — ये तीनों स्तंभ मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “अगर देश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, तो हर नागरिक को स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग को जीवन का हिस्सा बनाना होगा।”
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संवाद, गोष्ठी और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
चौरसिया ने कहा कि “स्वराज ने हमें राजनीतिक स्वतंत्रता दी, अब स्वदेशी के मार्ग पर चलकर आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने का समय है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम विश्वकर्मा योजना, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाएं देश के कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को नई पहचान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि “स्वदेशी संकल्प अभियान केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सशक्त आर्थिक आधार तैयार करने वाला आंदोलन है। इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।”
“आत्मनिर्भरता एक जनआंदोलन है” : जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने कहा कि “यह अभियान सिर्फ आर्थिक स्वावलंबन तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का आंदोलन है।”
सिंह ने बताया कि अभियान के तहत 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक जिलेभर में कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और जनजागरण रैलियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा, “जब हर नागरिक स्थानीय उत्पादों को अपनाएगा और स्वदेशी उद्यमों को सहयोग देगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।”
महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों पर विशेष फोकस: सुरेन्द्र सिंघानिया
जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया ने जानकारी दी कि अभियान के तहत युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
इन सत्रों में रोजगार सृजन, कौशल विकास, नवाचार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
“यह राजनीतिक नहीं, राष्ट्र निर्माण का संकल्प है” : आमोद सिंह
जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का संकल्प है। भाजपा इस संदेश को जिले के हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस अवसर पर मल्हनी विधानसभा संयोजक प्रबुद्ध दुबे, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, तथा जिला सह मीडिया प्रभारी सुशांत चौबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।