रावण दहन, रामलीला मंचन और “ऑपरेशन सिंदूर” थीम ने लुभाया जनसमूह

Share

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह

धार्मिक उत्सव में देशभक्ति का संगम: मेहनाजपुर का दशहरा बना यादगार

आजमगढ़। मेहनाजपुर में विजयदशमी का पर्व इस बार खास रंगों और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार, 2 अक्टूबर को सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। देर रात तक श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ती रही।

शाम होते ही नगर के मुख्य स्थल पर रावण का विशालकाय पुतला स्थापित किया गया। राम-लक्ष्मण के वेश में कलाकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भूमिका निभाते हुए तीर चलाया और देखते ही देखते रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दृश्य को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े।

दुर्गा पूजा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र

इस बार मेहनाजपुर का दुर्गा पूजा पंडाल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजा, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल में धार्मिकता के साथ देशभक्ति का भी अनोखा संगम देखने को मिला। विशेष तौर पर कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी वीरांगनाओं की शौर्यगाथाओं को जीवंत कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समिति के पदाधिकारियों का कहना था कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन भर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश भी है।

रामलीला मंचन और प्रशासन की सराहनीय व्यवस्था

रामलीला मंचन एवं रावण दहन का सफल आयोजन शीतला माता मंदिर, पुरानी बाजार में प्रदीप मिश्र और मनीष जयसवाल की देखरेख में संपन्न हुआ। आयोजन में व्यापार मंडल के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, महामंत्री संदीप गुप्ता, अनुराग तिवारी और सनी जयसवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी मेहनाजपुर अपनी पुलिस टीम व सरकारी वाहनों संग लगातार गश्त पर रहे। उनकी मुस्तैदी और कार्यकुशलता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!