“कार्डियो-न्यूट्रीशन रिसर्च में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. एच.डी. सिंह सम्मानित”
जौनपुर। जिले के लिए गौरव का क्षण है कि वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र देव सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित आई.एस.एम.एन एक्सीलेंस अवॉर्ड इन कार्डियोमेटाबोलिक न्यूट्रीशन 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ में आयोजित 5वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑन मेडिकल फूड एंड न्यूट्रीशन के मंच से प्रदान किया गया।
डॉ. सिंह को यह सम्मान उनके द्वारा कार्डियोवैस्कुलर डिजीज में खानपान और न्यूट्रीशन की भूमिका पर किए गए शोध, समाज में जागरूकता अभियान और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किए गए शोध पत्रों के लिए दिया गया।
सम्मान प्रदान करने वाले पैनल में देश की चिकित्सा जगत की नामचीन हस्तियां शामिल थीं—केजीएमयू के पूर्व कुलपति डॉ. एम.एल.बी. भट्ट, आई.एस.एम.एन. अध्यक्ष प्रो. नरसिंह वर्मा, बीएचयू के भूतपूर्व विभागाध्यक्ष पद्मश्री डॉ. के.के. त्रिपाठी, आर.एम.एल. लखनऊ के डायरेक्टर प्रो. सी.एम. सिंह और केजीएमयू बायोकेमेस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना सिंह।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ चिकित्सकों ने कहा कि डॉ. सिंह ने पिछले 25 वर्षों से हृदय रोगों से बचाव हेतु खानपान और जीवनशैली में बदलाव के महत्व पर लगातार काम किया है, जिसके परिणामस्वरूप हजारों मरीज लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने उन्हें “फूड और न्यूट्रीशन रिसर्च के क्षेत्र में पथप्रदर्शक” करार दिया।
इस सम्मान से न केवल डॉ. सिंह की वर्षों की मेहनत और शोध कार्य को मान्यता मिली है, बल्कि जौनपुर जिले का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।