मास्को में गूंजी हरतालिका तीज की धूम, भारतीय संस्कृति का दिया अद्भुत संदेश
पूर्वांचल लाइफ जौनपुर
मास्को (रूस)। 26अगस 2025 मंगलवार को भारतीय परंपराओं और संस्कारों की छाप विदेशों में भी साफ़ दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में मास्को में रहने वाली भारतीय मूल की प्रिया मिश्रा ने हरतालिका तीज का व्रत-पूजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न किया। उनके साथ वहां रहने वाली अन्य भारतीय सुहागिनों और युवतियों ने भी निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की।
विदेश की धरती पर भारतीय संस्कृति की यह अद्भुत झलक देखते ही बनती थी। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी महिलाओं ने मेहंदी रचाई, पारंपरिक गीत गाए और पूजा-अर्चना कर अखंड सौभाग्य तथा वैवाहिक सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं अविवाहित युवतियों ने अच्छे वर की प्राप्ति की प्रार्थना करते हुए तीज माता की आराधना की।
प्रिया मिश्रा ने कहा कि “हम भले ही भारत से दूर हैं, लेकिन हमारी जड़ें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई हैं। हरतालिका तीज जैसे पर्व हमें अपनी पहचान और अपनी मातृभूमि से जोड़ते हैं।”
पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और व्रत कथा का श्रवण कर व्रत की महत्ता को साझा किया। इस दौरान पूरा माहौल भारतीयता और आस्था से सराबोर दिखाई दिया।
हरतालिका तीज का यह उत्सव न सिर्फ भारतीय समुदाय के बीच अपनत्व और एकता का प्रतीक बना, बल्कि रूस की धरती पर भारतीय संस्कृति की जीवंत छवि भी प्रस्तुत करता नजर आया।