“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधारोपण

Share

पर्यावरण संरक्षण व जल संचयन पर हुआ विशेष कार्यक्रम

जौनपुर। बृजेश इंटर कॉलेज गुलालपुर व सरजू प्रसाद शैक्षिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सोमवार को वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बरगद, जामुन, आम, अमरुद, नीम, अर्जुन व डिटौर के पेड़ लगाए गए। पौधारोपण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ क्षेत्र में रैली निकाली। रैली के दौरान “पौधा लगाएंगे-पौधा बचाएंगे”, “घर-घर पौधा लगाना है” जैसे नारों से जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. जयप्रकाश सिंह ने कहा-
“पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो जीवन भी सुरक्षित रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों से ही मानव अस्तित्व है। हमें अपने परिवेश और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखना ही पर्यावरण सुरक्षा का असली अर्थ है।”

मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुबाषचंद्र सिंह ने कहा कि-
“ग्रामों को आदर्श और प्राकृतिक संपदा से सम्पन्न बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। बारिश के पानी को तालाब व छोटे जल स्रोतों में संचित कर जल संरक्षण किया जा सकता है। भूमिगत जलस्तर में लगातार कमी चिंताजनक है।”

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रवक्ता अशोक कुमार यादव ने कहा-
“जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को देखते हुए अब हमें सचेत हो जाना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी मांग है।”

इस मौके पर कृष्णमोहन यादव, इंद्रप्रकाश यादव, प्यारेलाल यादव, दिलीप कुमार यादव, रमेश कुमार पाल, श्रीमती कुसुम यादव, श्रीमती अंजू यादव, श्रीमती प्रज्ञा यादव, श्रीमती प्रियंका तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

पूर्व अध्यक्ष बाल न्यायालय संजय उपाध्याय ने संस्था की ओर से आश्वस्त किया कि इस तरह के अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।

अंत में कार्यक्रम की सफलता पर प्रधानाचार्य डॉ. जयप्रकाश सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!