जौनपुर। 30 जुलाई 2025
थाना पवाँरा की पुलिस टीम ने एक बार फिर मानवता और सतर्कता की मिसाल पेश की है। आज पी आरवी 2369 को एक करीब 10 वर्षीय बालक सड़क पर अकेले भटकता हुआ मिला, जो मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था। बालक अपना नाम “करिया” बता रहा था, लेकिन अन्य कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहा था।
स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। वाट्सएप मीडिया सेल व अन्य डिजिटल माध्यमों के ज़रिए व्यापक स्तर पर जानकारी प्रसारित की गई। लगातार प्रयासों के बाद बच्चे की पहचान आयुष उर्फ करिया यादव के रूप में हुई, जो निवासी निगोह, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर है।
आयुष को उसके मौसा बृजेश यादव (पुत्र खेलाडी यादव), निवासी ग्राम उच्चौरा, थाना पवाँरा, को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। परिजन ने बालक को सकुशल पाकर गहरी राहत जताई और जौनपुर पुलिस के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।