विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता की अलख:

Share

जौनपुर जिला महिला चिकित्सालय में हुआ कार्यक्रम आयोजन

जौनपुर। जिला महिला चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को विश्व जनसंख्या दिवस पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम. के. गुप्ता तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव यादव के साथ किया।

इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम रही: “मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही”, जिसके माध्यम से किशोरियों और युवतियों को सही उम्र और मानसिक-सामाजिक तैयारी के महत्व पर जोर दिया गया। यह विशेष पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन की सभी विधियों को अपनाना जरूरी है, जो कि जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली और निरोध जैसे विकल्पों को अपनाकर जनसंख्या नियंत्रण में अहम योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 11 लाभार्थियों को विभिन्न परिवार नियोजन साधनों का वितरण किया गया। इसके उपरांत डॉ. लक्ष्मी सिंह ने जनजागरूकता के उद्देश्य से ‘सारथी वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन ग्रामीण और शहरी इलाकों में जाकर परिवार कल्याण से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम. के. गुप्ता के अलावा चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरुण मौर्य, परिवार कल्याण काउंसलर रेनू कन्नौजिया, एचआई एस. होमा सिंह तथा चिकित्सालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!