जौनपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर बोलबम काँवरिया संघ, जौनपुर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य कांवड़ शोभायात्रा का आयोजन शनिवार, 19 जुलाई 2025 को बड़े श्रद्धा-उल्लास के साथ किया गया। श्रद्धालु शिवभक्तों की भीड़, मनोहारी झांकियों और भक्ति संगीत से शहर का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
शोभायात्रा की शुरुआत हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर से हुई, जहाँ संघ के संरक्षक संतोष सेठ और महासचिव विमल सिंह ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात प्रमुख समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा के शुभारंभ की घोषणा की। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्वयं कांवड़ उठाकर और हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों की भरमार रही। भगवान शिव की विविध मुद्राओं में झांकियां, बारह ज्योतिर्लिंगों की प्रतीकात्मक प्रस्तुतियां, हाथी-घोड़े और भक्ति संगीत से सजे डीजे ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों – सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलन्दगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा से गुजरती हुई यात्रा जब आगे बढ़ी तो शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा और उनकी टीम ने पुष्प वर्षा कर कांवरियों का स्वागत किया।
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जलपान, फल वितरण और विश्राम की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने अपने घरों की छतों से फूल बरसाकर कांवरियों का अभिनंदन किया। यात्रा का समापन भण्डारी स्टेशन पर हुआ, जहाँ दोपहर 12:30 बजे कांवरियों का जत्था फरक्का एक्सप्रेस से रवाना हुआ।
इस भव्य आयोजन में कांवरिया संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू, महासचिव विमल सिंह के नेतृत्व में संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, सुभाष गर्ग, संजय मोदनवाल, राजन बम, कृष्ण सेठ, विजय मास्टर, संजीव चौरसिया, मनीष सेठ, सौरभ सेठ, शैलेन्द्र सेठ, रंजीत अग्रहरि, सुमित बम नेपाली, अनिल औजार वाले, विष्णु गोस्वामी, हरीश साहू, किशोर कुमार शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहभागी रहे।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सुधीर साहू और महासचिव विमल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवी संगठनों, पुलिस प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद का आभार प्रकट किया।