जीएसटी दरों में कटौती से आमजन को राहत, भारत की विकास यात्रा अटूट : शंकर गिरी

Share

सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत जौनपुर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सीहीपुर स्थित कार्यालय पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री शंकर गिरी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। इसके उपरांत जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह एवं संयोजक, डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर किया।

शंकर गिरी बोले – गरीब और आमजन की भावनाओं को समर्पित है नया जीएसटी सुधार

प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने कहा कि जब पहली बार देश में जीएसटी लागू हुई थी, तब भाजपा सरकार ने कर सुधारों की नई राह दिखाई थी। अब एक बार फिर जीएसटी दरों में बदलाव कर सरकार ने गरीब और आम जनता को राहत देने का कार्य किया है
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों और रोज़मर्रा के उत्पादों पर शुल्क कम करने से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीएसटी का सरलीकरण भी किया गया है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा, “विश्व का सबसे ताकतवर देश भी यदि भारत पर 50% टैरिफ लगा दे, तब भी भारत की विकास यात्रा को कोई रोक नहीं सकता।”
गिरी ने आगे कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए करों में रियायत दी गई है। भारत आज इतना सक्षम है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों के माध्यम से पड़ोसी देशों के प्रायोजित आतंकवाद को करारा जवाब दे रहा है।

अन्य वक्ताओं के विचार

  • विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने कहा कि जिन वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कटौती की गई है, उनकी पूरी जानकारी जनता और व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए सरकार व्यापक अभियान चलाएगी।
  • पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 106 लोक-कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। आज देश की 1650 से अधिक पार्टियों में से भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें वास्तविक लोकतंत्र कायम है।
  • जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत जनहित से जुड़े अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कर सुधारों में किए गए ऐतिहासिक बदलाव से व्यापारियों और जनता दोनों को लाभ होगा।

कार्यक्रम में मौजूद रहे

इस अवसर पर पूर्व प्रिंसिपल टी.डी. कॉलेज वीरेंद्र सिंह, मनोज सिंह वत्स, रविकांत सिंह, राजेश पांडेय, अमित श्रीवास्तव, सुशील मिश्र, सुनील तिवारी, पियूष गुप्ता, शनि सिंह, सिद्धार्थ सिंह, दिलीप शर्मा सहित प्रबुद्ध वर्ग के कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह ने किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!