जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को जौनपुर और मछलीशहर में आयोजित बैठकों में कहा कि भाजपा की असली ताकत कार्यकर्ता हैं और शक्ति केन्द्र ही बूथ और मंडल के बीच की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि जब शक्ति केन्द्र मजबूत होगा तो बूथ स्वतः सशक्त होगा और बूथ के मजबूत होने से भाजपा और भी अजेय बनेगी।
उन्होंने साफ कहा – “हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर जवाबदेही का माहौल तैयार करना है। बूथ विजय ही पार्टी विजय है।”
सेवा पखवाड़ा और बूथ रणनीति पर चर्चा:
बैठकों में उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव, सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) और बूथ विजय अभियान की विस्तृत रणनीति पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान में 18 वर्ष के युवाओं को जोड़ने के साथ-साथ मृतक और बाहर जा चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का काम भी करना होगा।
सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य परीक्षण जैसे जनहित कार्यों से जनता के बीच जुड़ाव बढ़ाने की अपील की।
अनुसूचित जाति वर्ग पर विशेष जोर:
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संविधान की मूल भावना पर चलते हुए समाज के सबसे पिछड़े और वंचित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए सतत कार्य कर रही है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार के समय दलितों पर अत्याचार हुए, मकान और खेतों पर कब्जे किए गए, बहन-बेटियां असुरक्षित थीं। लेकिन आज योगी सरकार में भयमुक्त वातावरण है और हर व्यक्ति के खेत-खलिहान से लेकर सम्मान तक की सुरक्षा सुनिश्चित है।
संगठन ही ताकत:
धर्मपाल सिंह ने कहा –
“प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को पन्ना प्रमुख बनाना है।”
“संगठनात्मक मजबूती से ही आत्मनिर्भर और वैभवशाली राष्ट्र का निर्माण होगा।”
“विपक्ष के झूठ और षड्यंत्रों का जनता के बीच जाकर लगातार पर्दाफाश करना है।”
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह का संदेश:
बैठक में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा के पास दुनिया का सबसे अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता संगठन है। उन्होंने कहा कि “सेवा पखवाड़ा सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता तक पार्टी की विचारधारा और मोदी-योगी सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का सुनहरा अवसर है।”
बैठक में बड़ी भागीदारी:
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने किया। इस अवसर पर विधायकगण रमेश मिश्र, रमेश सिंह, बृजेश सिंह प्रिंसू, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र संयोजक, नगर पालिका अध्यक्ष व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भारी संख्या में उपस्थित रहे।