जौनपुर में सनसनी, पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को छेड़ा अभियान
जौनपुर। शहर के साल्वेशन हॉस्पिटल के पास सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक प्रधानाध्यापक को बदमाशों ने गोली मार दी और गले से सोने की चैन लूटकर फरार हो गए। वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घायल शिक्षक की पहचान संतोष यादव (40), निवासी कंधरपुर, के रूप में हुई है। वे प्राथमिक विद्यालय उद्पुर बक्शा में प्रधानाध्यापक हैं। परिजनों ने बताया कि रोज की तरह वह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और चैन छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और गहना लूटकर फरार हो गए।
गोली चलने की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सीओ सिटी देवेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
पुलिस ने तुरंत शहर और आसपास में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।