विधायिका डॉ. रागिनी सोनकर ने किया रुद्राभिषेक व भंडारा
पूर्वांचल लाइफ निशांत सिंह
बरसठी, जौनपुर।
सावन मास का चौथा सोमवार—श्रद्धा, भक्ति और शिव आराधना का विशेष दिन। बरसठी विकासखंड स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक दियाँवा महादेव धाम पर सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। बारिश की झमाझम फुहारें भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकीं। महिलाएं, बच्चे, वृद्ध और कांवरिए सभी भक्ति में लीन दिखाई दिए।
श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, दूध, दही व गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अलौकिक दृश्य को और भी खास बना दिया क्षेत्रीय विधायिका डॉ. रागिनी सोनकर की उपस्थिति ने। उन्होंने मंदिर में विधिपूर्वक दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन कराया।
भक्ति, सेवा और सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए डॉ. सोनकर ने खुद प्रसाद परोसा और श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने कहा,
“सावन का महीना केवल पूजा का नहीं, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।”
इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सतीश दुबे, रोहित दुबे, विवेक यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समर्थक भी मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संगम बन गया।