कानपुर। मुखर्जी विहार निवासी अरुणेंद्र सिंह ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी संपत्ति पर न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद अवैध कार्रवाई की गई। अरुणेंद्र ने बताया कि 21 फरवरी 2025 को न्यायालय ने उनके पक्ष में निर्णय देते हुए केडीए को उनकी संपत्ति पर हस्तक्षेप न करने का आदेश दिया था।
इसके बावजूद, 18 जून को बिना किसी पूर्व सूचना के, केडीए अधिकारियों के निर्देश पर उनकी बाउंड्री वाल गिरा दी गई। अरुणेंद्र सिंह ने इसे नाजायज वसूली की साजिश बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों की अवमानना है। उन्होंने नम आंखों से आलाधिकारियों से मदद की गुहार लगाई और न्याय दिलाने की अपील की।
इस मामले में पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि उनकी संपत्ति को लौटाया जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।