जौनपुर। ज्ञान कुश्ती स्पोर्ट्स एकेडमी की उभरती हुई पहलवान आस्था आनंद सिंह ने “खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025” में 65 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और सिल्वर मेडल जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। आस्था की इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
आस्था के कोच अशोक सोनकर ने बताया कि उनकी नियमित प्रैक्टिस और मेहनत को देखकर ऐसा लगता था कि आस्था भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मेडल जीतने में सफल होंगी। उनके मुताबिक, आस्था की लगन और समर्पण उसे सफलता के शिखर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
परिवार की मेहनत और सहयोग का नतीजा
आस्था के पिता माधवानंद सिंह और माता श्रीमती मेनका सिंह, जो भाजपा की क्षेत्रीय पदाधिकारी हैं, ने अपनी बेटी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। माता-पिता की मेहनत और समर्थन से आस्था ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है।
आस्था के बड़े पिता सच्चिदानंद सिंह, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य (सुरहन, आजमगढ़) रह चुके हैं, ने बिटिया की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उनके दूसरे बड़े पिता, विवेकानंद सिंह, जो हैंडबॉल के पूर्व कोच और वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (मिर्जापुर) के पद पर कार्यरत हैं, ने भी आस्था की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
प्रेरणा का स्रोत: दादा स्वर्गीय गुलाब सिंह
आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा स्वर्गीय गुलाब सिंह मास्टर को दिया है, जो मार्टिनगंज सुरहन, आजमगढ़ के निवासी थे। आस्था ने बताया कि उनके आदर्श और सिखाए गए मूल्यों ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया।
सम्मान और सहयोग
आस्था को हाल ही में ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आशीर्वाद स्वरूप ₹51,000 की सहयोग राशि प्राप्त हुई।