जौनपुर। जनपद की राजनीति उस समय गर्मा गई जब जिला कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसमें वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं के साथ नजर आ रहे हैं। वायरल होते ही यह फोटो कांग्रेस के अंदर ही अंदर घमासान का कारण बन गई है।
चौंकाने वाली बात यह है कि उक्त फोटो किसी विपक्षी पार्टी ने नहीं, बल्कि कांग्रेस के ही कुछ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर साझा की है। सूत्रों की मानें तो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से असहमत कुछ कार्यकर्ता लगातार उन्हें घेरने का प्रयास कर रहे हैं। तस्वीर वायरलहोते ही संगठन के भीतर नई बहस छेड़ दी।
नाम न छापने की शर्त पर एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बताया कि, “जिले में कांग्रेस पहले ही अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है और ऐसे में विवादों में घिरे चेहरे को जिलाध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है। पार्टी की स्थिति पहले ही कमजोर है और अब नए विवाद संगठन को और भीतर से कमजोर कर सकते हैं।”
फोटो कब और किस कार्यक्रम की है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन वायरल तस्वीर में प्रमोद सिंह भाजपा के कुछ सक्रिय नेताओं के साथ आत्मीय मुद्रा में नजर आ रहे हैं।
पार्टी के भीतर चल रही रस्साकशी और फोटो वायरल प्रकरण से यह संकेत मिल रहे हैं कि जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन में मतभेद गहरे हैं। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस आलाकमान इस पूरे प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है और जिले में पार्टी को एकजुट करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। इस सम्बन्ध मे जिलाध्यक्ष से वार्ता की गई तो उन्होंने जवाब देना मुनासिब नहीं समझा