मिशन शक्ति 5.0 के तहत जौनपुर पुलिस का जागरूकता अभियान तेज़

Share

छात्राओं और महिलाओं को सिखाई जा रही आत्मरक्षा और अधिकारों की जानकारी

पूर्वांचल लाइफ संवाददाता

जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 अभियान” के तहत जनपद की समस्त थाना पुलिस मिशन मोड में कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया।

महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने चौपालों का आयोजन कर महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं को सुना और उनके समाधान हेतु जरूरी मार्गदर्शन दिया। साथ ही उन्हें “शक्ति दीदी” के रूप में जोड़ते हुए सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का संकल्प दोहराया गया।

अभियान के दौरान टीमों ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों — जैसे वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 — की विस्तृत जानकारी दी।

इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। पम्पलेट वितरित कर महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किया गया ताकि वे अपने अधिकारों को जान सकें और किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर सहायता मांग सकें।

इसी क्रम में —

थाना मड़ियाहूं की एंटी रोमियो टीम ने स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, मड़ियाहूं में छात्राओं को आत्मरक्षा व सुरक्षा के गुर सिखाए।

थाना लाइन बाजार की मिशन शक्ति टीम ने संत जोसेफ स्कूल, धनीपुर में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

थाना मुंगराबादशाहपुर की पुलिस टीम ने बालिका इंटर कॉलेज, मुंगराबादशाहपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया।

थाना सुजानगंज की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने प्रसाद अकैडमी विद्यालय में छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।

थाना सिकरारा की टीम ने सर्व हितैषी आदर्श इंटर कॉलेज, सिकरारा में जागरूकता कार्यक्रम किया।

वहीं थाना बदलापुर की मिशन शक्ति टीम ने इंदिरा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिशादपुर में बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य केवल सुरक्षा नहीं बल्कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इस अभियान के तहत यह संदेश दिया जा रहा है कि “नारी सशक्त होगी, तो समाज सुरक्षित होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!