थाना परिसर में उमड़ी महिलाओं की भीड़, मुख्यमंत्री का सशक्तिकरण संदेश पहुंचा घर-घर

Share

“आशा, आंगनबाड़ी और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा”

संवाददाता वेद प्रकाश शुक्ला

जौनपुर बरसठी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरे प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को थानों में महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में थाना बरसठी परिसर में महिलाओं और बच्चियों की बड़ी भागीदारी के साथ सशक्तिकरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता संबंधी संदेश वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसे महिलाओं ने ध्यानपूर्वक सुना।

थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं की कार्यकर्त्रियों तथा ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार का सर्वोच्च लक्ष्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। उन्होंने महिलाओं को आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लें और समाज के हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर स्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न या किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं निडर होकर सीधे पुलिस से संपर्क करें। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी—1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला समग्र हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा)।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, सरकारी योजनाओं से लाभ उठाने और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!