जोधपुर को मिलने जा रहा आस्था और संस्कृति का अनुपम उपहार

Share

25 सितंबर को होगा बीएपीएस स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

संवाददाता : अशोक कड़ेला, जोधपुर

सूरसागर क्षेत्र के कालिबेरी में बना भव्य बीएपीएस स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर अब अपनी दिव्यता और गरिमा के साथ प्रकट होने को तैयार है। जोधपुर शहर शीघ्र ही एक ऐसे अध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का साक्षी बनने जा रहा है, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

परम पूज्य महंत स्वामी महाराज करेंगे प्राण-प्रतिष्ठा

आगामी 25 सितंबर को इस भव्य मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संस्था के प्रमुख और अध्यात्म गुरु परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के पावन करकमलों से संपन्न होगा।

देश-विदेश से जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

इस ऐतिहासिक अवसर पर न केवल राजस्थान और भारत, बल्कि अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका सहित विश्व के चार महाद्वीपों से बड़ी संख्या में हरिभक्त जोधपुर पहुंचेंगे। अनुमान है कि हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से यह आयोजन एक विशाल अध्यात्मिक उत्सव का रूप लेगा।

35 सेवा विभाग और हजार स्वयंसेवक तैनात

समारोह की सुचारू व्यवस्था हेतु 35 सेवा विभाग गठित किए गए हैं। पार्किंग, यातायात, सभा व्यवस्था, सुशोभन, परिवहन, प्रेस, मेडिकल और पूछताछ केंद्र जैसे तमाम प्रबंधों में करीब 1,000 स्वयंसेवक तन-मन से सेवा में जुटे हैं।

डॉ. ज्ञानानंददास स्वामी ने बताया – “यह मंदिर सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की गरिमा का प्रतीक है। सेवक पूर्ण निष्ठा और श्रद्धा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।”

प्रशासन की विशेष तैयारियां

स्थानीय प्रशासन ने भी आयोजन को सफल बनाने हेतु सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के व्यापक इंतज़ाम किए हैं।

तीन दिवसीय महोत्सव की रूपरेखा

  • 19 सितंबर : गुरुहरि महंत स्वामी महाराज का जोधपुर आगमन।
  • 23 सितंबर : विराट विश्वशांति यज्ञ, विश्व कल्याण की कामना के साथ।
  • 24 सितंबर : प्रातः यज्ञ अनुष्ठान और दोपहर 2 बजे से नगर परिक्रमा सहित भव्य शोभायात्रा।
  • 25 सितंबर : मुख्य दिवस – प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव।

धार्मिकता और संस्कृति का अद्भुत संगम

यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन जोधपुर के अध्यात्मिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!