पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
धनंजय राय ब्यूरो/पूर्वांचल लाईफ
भदोही। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव में 15 वर्षीय एक किशोर ने आत्महत्या कर ली। किशोर नौंवी का छात्र था। बताया जा रहा है कि दोपहर में वह दुर्गा पूजा पंडाल से लौटा था। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया। इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पा रही है। कुढ़वा गांव निवासी मोतीलाल गौतम के चार पुत्र हैं। इनका दूसरे नंबर का बेटा शरद गौतम दुर्गागंज के एक विद्यालय में कक्षा नौंवी में पढ़ता है। इन दिनों गांव में दुर्गा पूजा की तैयारी चल रही है। जिसके लिए गांव के ही युवक दुर्गा पूजा पंडाल तैयार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को शरद भी पंडाल के पास ही मौजूद था। दोपहर करीब एक बजे वह पंडाल से घर लौटा। जिसके बाद घर के तीन शेड वाले कमरे में मां की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की नजर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक संतोष राय मौके पर पहुंचे। बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके की जांच पड़ताल की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया। इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है।