सुरक्षा-सशक्तिकरण की ओर सशक्त पहल
जौनपुर : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के तहत जौनपुर जनपद की पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमें और एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रूप से अभियान में जुटीं।
अभियान के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों और टीम सदस्यों ने प्रमुख बाजारों, शिक्षण संस्थानों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकार, सरकारी योजनाएं और सुरक्षा संसाधनों की जानकारी दी।
महिला सशक्तिकरण पर जानकारी:
अधिकारों के साथ-साथ निम्नलिखित कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी महिलाओं को दी गई:
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
निराश्रित महिला पेंशन योजना
राष्ट्रीय पोषण मिशन
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना
आयुष्मान भारत योजना
सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर भी बताए गए:
सुरक्षा व आपातकालीन स्थिति में तुरंत संपर्क किए जाने हेतु निम्न नंबरों को साझा कर पंपलेट्स भी वितरित किए गए:
वीमेन पावर लाइन – 1090
महिला हेल्पलाइन – 181
पुलिस आपातकाल सेवा – 112
सीएम हेल्पलाइन – 1076
स्वास्थ्य सेवा – 102
एम्बुलेंस सेवा – 108
साइबर हेल्पलाइन – 1930
प्रत्यक्ष संवाद से बढ़ाया आत्मविश्वास:
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आम महिलाओं व युवतियों से सीधे संवाद कर उन्हें प्रेरित किया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में वे निःसंकोच पुलिस की सहायता लें। कई महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
जौनपुर पुलिस की प्रतिबद्धता:
जौनपुर जनपद पुलिस का यह प्रयास मिशन शक्ति के उद्देश्यों को मजबूत करता है। आने वाले दिनों में भी यह जागरूकता अभियान जारी रहेगा, जिससे महिला सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक माहौल और जनसहयोग और अधिक मजबूत हो सके।