जंगली सूअरों के आतंक से परेशान है ग्रामीण
खेतासराय(जौनपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली सुअरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन की खामोशी के बाद सुअर ने अब मानीकला गांव में साइकिल से जा रही महिला पर हमला बोल दिया। सुअर के झपटते ही महिला नीचे खेत में जा गिरी और चोटिल हो गईं। महिला का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के मानीकला गांव में एक जंगली सुअर ने 50 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। परम शिला नाम की महिला साइकिल से मानीकला कब्रिस्तान के पास से गुजर रही थीं। इस दौरान झाड़ियों से निकले जंगली सुअर ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
हमले में महिला के दाएं और बाएं हाथ में गहरी चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल टेंपो से खेतासराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे जंगली जानवरों को पकड़ने की व्यवस्था की जाए। इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सकेगा।
——इनसेट——
क्या किसी की मौत का इंतजार कर रहा है प्रशासन!
महिला के हमले के बावजूद प्रशासन और वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों का आक्रोश अधिकारियों के प्रति उबल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मानी कला में कई दिनों से जंगली सुअर की दहशत है। यह समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। झाड़ियों के बीच जंगली सुअर बैठे रहते हैं और मौका मिलते ही राहगीरों पर हमला कर देते हैं। सुअरों के झुंड में रहने के कारण लोगों में भारी दहशत है। दिन ढलते ही जंगली सुअर गाँव और बस्ती में पहुंच जाते हैं। कई बार रात में घरों में घुसकर पालतू जानवरों हमला कर चुके हैं।