खेतासराय(जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मनेछा में सोमवार तड़के एक साल की बच्ची टेम्पो से गिर गई। साथ में सफर कर रहे परिजनों को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास पहुंचने पर बच्ची के नहीं होने का एहसास हुआ। परिजन बदहवास हो गए और पुलिस को सूचना दी। सुबह 6 बजे पुलिस ने मनेछा में बच्ची को बरामद किया और परिजनों को सौंपा।
जौनपुर के सिपाह मोहल्ले से एक परिवार खलीलाबाद से टेंपो में वापस लौट रहा था। रात 8:30 बजे के करीब यात्रा शुरू हुई। टेंपो में सैयदा, उनकी बेटी राणा और नाजिया अपनी एक साल की बच्ची जुबीया के साथ सवार थीं। वसीम नाम का चालक टेंपो चला रहा था।
खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास बच्ची जुबीया टेंपो से नीचे गिर गई। रात का अंधेरा और थकान के कारण परिवार को इसका पता नहीं चला। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद उन्हें बच्ची के गायब होने का एहसास हुआ।
परिवार ने तुरंत 112 पर कॉल किया। खेतासराय पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सुबह करीब 6 बजे मनेछा गांव के पास सड़क किनारे बच्ची सकुशल मिल गई। पुलिस ने बच्ची को थाने लाकर परिवार से संपर्क किया।
बच्ची की मां नाजिया ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, अनील पाठक, अशोक वर्मा और कांस्टेबल हरक नाथ, संदीप सिंह, नेहा यादव, अंतिमा सिंह की टीम ने यह सराहनीय कार्य किया।