सुरक्षा से संबंधित तमाम दी गई जानकारी
खेतासराय(जौनपुर)। मिशन शक्ति अभियान के चरण पांच के तहत खेतासराय पुलिस ने क्षेत्र के स्कूलों में छात्र-छात्राओं व गांवों में पहुंच कर बैठक की। जिसमें सुरक्षा, सम्मान, महिला सुरक्षा, यातायात के नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति अभियान व एंटी रोमियो स्क्वाड के अन्तर्गत शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर महिला कांस्टेबल राखी, गुड़िया , बिन्दु, ललिता , प्रीति, कविता, शिला द्वारा भारती विद्यापीठ गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं को उनकी सुरक्षा व सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने छात्राओं को शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पावर लाइन 1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, साइबर क्राइम 1930 आदि की जानकारी दी गई।
सरकार की ओर से चलाई जा रहीं विधवा और वृध्दावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। महिलाओं व छात्राओं को बताया गया कि अगर कहीं भी कोई परेशानी हो तो हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सकते हैं। तत्काल उनको पुलिस सहायता प्रदान की जाएगी। पुलिस लगातार जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं व छात्राएं मौजूद रहीं।