“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान: महिलाओं और बच्चियों को किया गया जागरूक

Share

स्वस्थ नारी ही है सशक्त परिवार की असली आधारशिला: डॉ. अंजु सिंह

जौनपुर।
महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की मजबूती को ध्यान में रखते हुए ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने सोमवार को छात्राओं और महिला संगठनों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

इस अवसर पर समिति की प्रमुख डॉ. अंजु सिंह ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर, खून की कमी (एनीमिया), टीबी, सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की जांच निःशुल्क की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों के लिए टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

संस्था के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक महिलाएं एवं परिवारजन अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

डॉ. अंजु सिंह ने कहा कि—
“आज भी महिलाएं अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाह रहती हैं। जबकि एक स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव रख सकती है। इसीलिए हर महिला को इस अभियान से जुड़कर इसका लाभ उठाना चाहिए।”

इस मौके पर संस्था की कार्यकर्त्रियां मंजू सिंह, नेहा सिंह, सौम्या सिंह और जबी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!