प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अथर्वन फाउंडेशन ने रविवार को तेलियरगंज स्थित स्वामी सदानंद आश्रम में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर संस्था द्वारा कुल 30 पौधों का रोपण किया गया, जिससे नारा “वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ” साकार होता दिखा।
कार्यक्रम का आयोजन आश्रम प्रबंधक सर्वेश तिवारी के मार्गदर्शन एवं संस्था सदस्य सुरेश तिवारी के संयोजन में संपन्न हुआ। संस्था की सचिव डॉ. कंचन मिश्रा ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी है।”
इस मौके पर संस्था उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, डॉ. सुमन दुबे, अव्यक्त मिश्रा, अधिवक्ता आशीष मिश्रा, अंकित पाठक, हेमंत कुमार, मधु सिंह, विजयपाल वर्मा, जितेन्द्र मिश्रा, अर्चना वर्धन, डॉ. अल्का श्रीवास्तव तथा प्रीति गोयनका समेत कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
अथर्वन फाउंडेशन निरंतर स्वच्छ, हरित एवं बेहतर समाज के निर्माण हेतु कार्यरत है और इस आयोजन के माध्यम से उसने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है।