महिलाओं को भी मिली अहम जिम्मेदारी
जौनपुर।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जौनपुर की जिला इकाई ने शनिवार को 24 में से 16 मंडलों के नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा की। यह घोषणा जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक के दौरान की गई। इस मौके पर उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी कार्यालय सीहीपुर में माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
घोषित 16 मंडलों में बदलापुर, धनियामऊ, सिंगरामऊ, महाराजगंज, खुटहन-जमुनिया, सुईथाकला, अरसिया, शाहगंज, जौनपुर उत्तरी, करंजाकला, गभीरन, रामदयालगंज, सिकरारा, परशुरामपुर, बैजारामपुर शामिल हैं। इन मंडलों में प्रत्येक में छह उपाध्यक्ष, छह मंत्री, दो महामंत्री और एक कोषाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने संगठन विस्तार में महिला भागीदारी को बढ़ावा देते हुए प्रत्येक टीम में तीन महिला नेत्रियों को भी स्थान दिया है। साथ ही, सामाजिक समरसता और जातीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया है। पार्टी के पुराने, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
हालांकि, नौपेड़वा, मुंगराबादशाहपुर, तरहटी, पवारा, बेलवार और सुजानगंज मंडलों में नए अध्यक्ष का चयन नहीं हो पाने के कारण फिलहाल पुरानी कार्यकारिणी ही कार्यरत रहेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा, “आगामी विधानसभा चुनाव 2027 और विभिन्न संगठनात्मक अभियानों की जिम्मेदारी अब इन नवगठित टीमों पर है। मुझे विश्वास है कि सभी पदाधिकारी पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।”
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया। इस मौके पर जिला कार्यालय प्रमुख ओमप्रकाश सिंह सहित अनेक मंडल अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित प्रमुख नेताओं में संजीव शुक्ला सनी, अमित कुमार चौहान, सिद्धार्थ सिंह, सिकंदर मौर्य, बसंत लाल मौर्य, अशोक बिंद, अनिल सिंह, अवधेश दुबे, चिंता हरण शर्मा, सारिका सोनी, प्रशांत रंजन सिंह, अजय यादव, लाल बहादुर पाल, ब्रह्मदत्त गिरी, सुरेंद्र मिश्रा और सुजीत सिंह शामिल थे।