गाजीपुर जिले की जंगीपुर विधानसभा (376) के मर्दह दक्षिणी मंडल में पर्यावरण सुरक्षा दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” योजना का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अभियान का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के मर्दह दक्षिणी मंडल के निवर्तमान महामंत्री प्रमोद राय ने किया, जबकि ग्राम सभा अबिसहन के प्रधान प्रतिनिधि अरविंद कुमार सिंह ‘झब्बू’ का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के तहत ग्राम सभा अबिसहन में कुल 16 पौधों का वृक्षारोपण किया गया, जिनमें 11 आम, 2 कटहल, 2 सीताफल और 1 नींबू का पौधा शामिल रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और मातृ-समर्पण की भावना को सशक्त करना था।
इस मौके पर किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रविंद्र तिवारी, बूथ अध्यक्ष चन्दन ठाकुर, रामबचन राम, सादा बिंद, जमुना बिंद, मोहन राम, संतोष प्रजापति, कुणाल दीक्षित समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की भरपूर सराहना की और इसे पर्यावरण के प्रति एक सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम ने न केवल प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि मातृत्व को सम्मान देने का भी सशक्त संदेश दिया।