मुंबई/कानपुर। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई स्थित रिलायंस मुख्यालय में कार्यरत कानपुर की प्रतिभाशाली बेटी उदिता निगम को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए ‘श्रेष्ठ मानव संसाधन अधिकारी एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली’ सम्मान से नवाजा गया।
यह सम्मान रिलायंस मुख्यालय के भव्य सभागार में गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया। उदिता निगम की इस उपलब्धि पर न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कानपुर शहर और समाज में गर्व की अनुभूति हुई।
उदिता निगम, श्रद्धा निगम एवं विनय कुमार निगम की सुपुत्री हैं। कानपुर की मूल निवासी उदिता ने अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत से यह मुकाम हासिल किया है।
इस अवसर पर परिजनों, शुभेच्छुओं एवं समाजजनों ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।