शक्ति दीदियों ने बढ़ाया महिलाओं में आत्मविश्वास
जौनपुर। दिनांक 21 अक्टूबर 2025।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जौनपुर जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीम एवं महिला बीट पुलिस अधिकारी लगातार गांव, कस्बों, स्कूल, कॉलेज, बस स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
इस अभियान के तहत “शक्ति दीदी” के रूप में महिला पुलिसकर्मी न केवल महिलाओं से संवाद कर रही हैं, बल्कि उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने में भी सहयोग कर रही हैं। चौपालों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं – वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 – की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधिकारी बालिकाओं और छात्राओं को गुड टच और बैड टच, घरेलू हिंसा से सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बता रही हैं। साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को न केवल सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, बल्कि समाज में उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देना है।
