विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में दक्षिण रेलवे की शानदार उपलब्धि
पूर्वांचल लाइफ : दिनेश कुमार जैन, मदुरै सिटी
चेन्नई। दक्षिण रेलवे के 70वें रेलवे सप्ताह समारोह-2025 के दौरान मदुरै मंडल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का परचम लहराया। मंडल ने इस अवसर पर कुल छह प्रतिष्ठित शील्ड अपने नाम कीं, जिससे मंडल का नाम पूरे जोन में गर्व से गूंज उठा।
मदुरै मंडल को कार्मिक दक्षता शील्ड, योजना एवं कार्य अध्ययन शील्ड, राजभाषा रोलिंग शील्ड, तथा अंतर-मंडल स्वच्छता शील्ड से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, रेल मदद संचालन श्रेणी में मदुरै मंडल को उपविजेता घोषित किया गया, जबकि मंडल रेलवे अस्पताल, मदुरै को सर्वश्रेष्ठ परिवार कल्याण केंद्र के रूप में मान्यता मिली।
समारोह के दौरान दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक श्री आर. एन. सिंह ने इन सभी पुरस्कारों को मंडल रेल प्रबंधक श्री ओम प्रकाश मीणा को प्रदान किया। इस अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
मंडल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो अधिकारियों और दस कर्मचारियों को भी वर्ष 2024-25 के दौरान उनकी असाधारण सेवाओं के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से नवाजा गया।
मदुरै सिटी के वरिष्ठ हिंदी पत्रकार दिनेश कुमार जैन ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह उपलब्धि पूरे मदुरै मंडल के समर्पण, टीम भावना और नवाचारपूर्ण कार्यशैली का परिणाम है।