गोमती नदी में नहाते समय 12 वर्षीय बालक की डूबकर मौत, परिवार में पसरा मातम
जौनपुर। बदलापुर विकासखंड के कृष्णापुर गांव में गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गोमती नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भेलूपुर गांव निवासी सत्तू निषाद का पुत्र प्रिंस निषाद, जो कुछ दिन पहले अपने मौसा अशोक निषाद के घर कृष्णापुर आया था, गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया। खेलते-खेलते प्रिंस गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा।
साथी बच्चों ने शोर मचाया, जिस पर आस-पास के लोग दौड़े और उसे किसी तरह पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में प्रिंस को तत्काल बदलापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रिंस की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक हँसता-खेलता मासूम यूं अचानक बिछड़ जाएगा, किसी ने सोचा भी न था।